गढ़वा में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का खुलासा, छापेमारी में 70 सिलेंडर जब्त

गढ़वा के हूर गांव में प्रशासन की छापेमारी में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का खुलासा, पिकअप वाहन से 17 भरे और 53 खाली सहित कुल 70 एलपीजी सिलेंडर जब्त।

Archana Ekka
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Black marketing of gas Cylinders exposed in Garhwa: जिले में रसोई गैस की कमी के बीच सिलेंडर की कालाबाजारी का मामला सामने आया है। रविवार को सदर एसडीएम संजय कुमार के नेतृत्व में प्रशासन ने छापेमारी अभियान चलाया।

इस दौरान प्रखंड के हूर गांव में एक पिकअप वाहन से 70 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए। जब्त किए गए सिलेंडरों में 17 भरे हुए और 53 खाली सिलेंडर शामिल हैं। इतनी बड़ी संख्या में सिलेंडर मिलने से ग्रामीणों के उस आरोप की पुष्टि हुई कि गांव में अवैध तरीके से गैस सिलेंडर बेचे जा रहे थे।

शिकायत मिलने के बाद की गई छापेमारी

जानकारी के अनुसार, एसडीएम संजय कुमार को व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि हूर गांव में एक व्यक्ति ऊंचे दाम पर गैस सिलेंडर बेच रहा है।

सूचना की जांच के बाद प्रशासन ने सचिन चौबे के ठिकाने पर अचानक छापेमारी की। मौके पर उनके घर के बाहर अहाते में सिलेंडरों से भरा एक पिकअप वाहन खड़ा मिला।

दस्तावेज नहीं दिखा पाए आरोपी

छापेमारी के दौरान सचिन चौबे से जब इन सिलेंडरों के स्रोत और वितरण के बारे में पूछा गया तो वे कोई भी वैध कागजात या संतोषजनक जवाब नहीं दे सके।

मामला संदिग्ध लगने पर प्रशासन ने तुरंत सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया। इसके बाद अंचलाधिकारी सफी आलम और प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी राहुल मिंज की मौजूदगी में सभी सिलेंडरों की गिनती कराई गई।

एफआईआर दर्ज करने का निर्देश

प्रशासन ने जब्त किए गए सिलेंडरों को सुरक्षा और जनहित को देखते हुए कल्याणपुर स्थित भारद्वाज भारत गैस एजेंसी को सौंप दिया है। एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को दोषी व्यक्ति के खिलाफ उचित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

आम लोगों से सहयोग की अपील

एसडीएम ने इस मामले की जानकारी भारत गैस के स्थानीय सेल्स ऑफिसर अनिर्बान गांगुली को भी दी है और गैस आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने को कहा है।

साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कालाबाजारी या संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत प्रशासन को सूचना दें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में कालाबाजारी रोकने के लिए लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सनमार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।