
Jharkhand Drug Bust : गढ़वा जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रमना थाना क्षेत्र में विशेष वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 1.85 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया।
इस पूरे मामले का खुलासा एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि 31 मार्च की रात करीब 10 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि बुलेट मोटरसाइकिल से दो युवक अफीम लेकर गढ़वा से होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने NH-39 पर सघन वाहन जांच शुरू कर दी।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन दोनों युवक तेज रफ्तार में भाग निकले। पुलिस ने उनका पीछा किया, जिसके बाद वे परसवान गांव के पास बाइक छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गए। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर ग्रामीणों की मदद ली।
करीब दो घंटे की सर्च ऑपरेशन के बाद बहियार कला गांव में एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया गया। गिरफ्तार युवक की पहचान अंश शुक्ला (21 वर्ष), निवासी हरदोई के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से 1.85 किलोग्राम अफीम बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस मादक पदार्थ को पंजाब में बेचने के लिए ले जा रहा था। इस खुलासे से एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क के सक्रिय होने की पुष्टि हुई है। पुलिस फरार साथी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
