भारत के नेतृत्व वाले ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ में शामिल हुआ घाना

घाना भारत के नेतृत्व वाले इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस में शामिल हो गया। गठबंधन बाघ, शेर, तेंदुआ, चीता समेत सात बड़ी बिल्ली प्रजातियों और उनके आवासों के संरक्षण पर केंद्रित है।

Archana Ekka
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

अकरा (घाना) : घाना ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को भारत के नेतृत्व वाले ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ (आईबीसीए) में शामिल होने के लिए ‘स्वीकृति पत्र’ प्रदान किया है और इसी के साथ यह पश्चिम अफ्रीकी देश इस गठबंधन का औपचारिक रूप से सदस्य बन गया है। जयशंकर तीन अफ्रीकी देशों की अपनी यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचे। इस यात्रा में कोट डी आइवर और इथियोपिया भी शामिल हैं।

घाना के विदेश मंत्री सैमुअल ओकुदजेटो अबलाकवा ने बुधवार को द्विपक्षीय बातचीत के दौरान जयशंकर को यह स्वीकृति पत्र सौंपा। जयशंकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्हें घाना के विदेश मंत्री से ‘इंटरनेशनल बिग कैट अलायंस’ में शामिल होने का स्वीकृति पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने घाना के अपने समकक्ष के साथ अपनी एक वीडियो क्लिप और तस्वीर भी साझा की।

आईबीसीए संधि पर आधारित एक अंतरसरकारी अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, चीता, जगुआर और प्यूमा समेत बड़ी बिल्ली प्रजाति के सात वन्यजीवों और उनके प्राकृतिक आवासों के संरक्षण पर केंद्रित है। भारत ने नौ अप्रैल, 2023 को ‘प्रोजेक्ट टाइगर’ की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में इस गठबंधन की शुरुआत की थी। इसका उद्देश्य बिग कैट प्रजाति के वन्यजीवों के संरक्षण के लिए विभिन्न देशों और अन्य संबंधित पक्षों के बीच सहयोग को बढ़ावा देना तथा संरक्षण के तरीकों, विशेषज्ञता और तकनीकी जानकारी के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।

Share This Article
अर्चना एक्का को पत्रकारिता का दो वर्ष का अनुभव है। उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत इंटर्नशिप से की। इस दौरान उन्होंने झारखंड उजाला, सन्मार्ग और इम्पैक्ट नेक्सस जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया। इन संस्थानों में उन्होंने रिपोर्टर, एंकर और कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए न्यूज़ रिपोर्टिंग, एंकरिंग और कंटेंट लेखन का अनुभव प्राप्त किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में वह सक्रिय रूप से काम करते हुए अपने अनुभव को लगातार आगे बढ़ा रही हैं।