
Giridih Accident news : गिरिडीह–मधुपुर मुख्य सड़क पर मंगलवार को एक गंभीर सड़क दुर्घटना में एक बाइक सवार बुरी तरह घायल हो गया। घटना करणपुरा मोड़ के पास हुई, जहां एक स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
घायल व्यक्ति की पहचान 45 वर्षीय अलाउद्दीन अंसारी के रूप में हुई है, जो बेंगाबाद थाना क्षेत्र के भोजदाह गांव के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो मधुपुर की ओर से गिरिडीह की तरफ आ रही थी, तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मानवता दिखाते हुए घायल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।
इधर, हादसे के बाद फरार होने की कोशिश कर रही स्कॉर्पियो को पुलिस ने गिरिडीह कॉलेज मोड़ के पास स्थित पुलिस पिकेट के पास पकड़ लिया। वाहन को जब्त कर बेंगाबाद थाना लाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और चालक से पूछताछ जारी है।
