पारा शिक्षकों के हित में सरकार कर रही काम, जल्द होगा फैसला

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

गढ़वा: झारखंड में सरकार बनने के बाद सभी तरह से निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। राज्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर कार्य कर रही है।

पारा शिक्षकों की चिंता पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह नहीं करें, पारा शिक्षकों के हित में जल्द ही झामुमो सरकार निर्णय लेने जा रही है। उक्त बातें झामुमो के जिलाध्यक्ष तनवीर आलम खान व जिला सचिव मनोज ठाकुर ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में कही।

झामुमो नेताओं ने कहा कि पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी गढ़वा में अनर्गल बातें बोले हैं। मरांडी को पहले भाजपा ने नकारा, फिर राज्य की जनता ने नकारा। उन्हें कहीं जगह नहीं मिला तो बाद में वे भाजपा में अनुकंपा के आधार पर बहाल कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला भाजपा में गुटबाजी चरम पर है।

अलग-अलग भाजपा नेताओं के अलग-अलग गुट है। उसमें पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी, पूर्व विधायक गिरिनाथ सिंह, विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी, विधायक भानु प्रताप शाही और सांसद विष्णुदयाल राम व अलखनाथ पांडेय का गुट शामिल है।

झामुमो नेताओं ने कहा कि पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी अपने दस वर्षों के कार्यकाल में भ्रष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर चुके हैं। साथ ही वे कई मामलों में संलिप्त भी रहे हैं। उसकी जांच जल्द ही शुरू कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि चिनियां प्रखंड के पाल्हे गांव निवासी बनवारी प्रसाद गुप्ता का वन विभाग की ओर से जब्त ट्रैक्टर मामले में पूर्व विधायक सत्येंद्रनाथ तिवारी ने वन प्रमंडल पदाधिकारी को पत्र लिखकर ट्रैक्टर मुक्त करने की अनुशंसा की है।

झामुमो नेताओं ने कहा कि वर्तमान में बालू का अवैध उठाव नहीं किया जा रहा है। वहीं किसी भी थाने में झामुमो कार्यकर्ता मामले में हस्तक्षेप करने नहीं जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में टाउन हॉल में गड़बड़ी करने वाले नगर परिषद अध्यक्ष पिंकी केशरी व अन्य लोग बचने वाले नहीं है। कार्रवाई हरहाल में होगी और कानूनी तरीके से कार्रवाई की प्रक्रिया चल भी रही है।

इधर झामुमो के जिला प्रवक्ता धीरज दुबे ने कहा कि बाबूलाल मरांडी मानसिक संतुलन खो चुके हैं। भाजपा में खोए हुए जमीन को प्राप्त करने के लिए वह लगातार अनाप-शनाप कार्य व बयानबाजी करते आ रहे हैं।

झाविमो में रहकर लगातार भाजपा को कोसने वाले मरांडी अब भाजपा का गुणगान करते फिर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता उनके दोहरे चरित्र को भलीभांति समझ रही है। बाबूलाल पूर्व विधायक सत्येन्द्रनाथ तिवारी के सिखाए गए शब्दों को अपनी आवाज दे रहे हैं।

Share This Article