Gulab cyclone Mumbai : मुंबई व कोंकण क्षेत्र में भी दिख सकता है ‘गुलाब’ चक्रवात का असर

News Aroma
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

मुंबई: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र ने चक्रवाती तूफान का रूप धारण कर लिया है। इस चक्रवात को ‘गुलाब’ नाम दिया गया है।

इसके आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तटीय इलाकों से आज शाम टकराने की आशंका है।

मौसम विभाग ने इन सभी इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। महाराष्ट्र के समुद्र तटीय क्षेत्र मुंबई और कोंकण में भी इस चक्रवात का असर दिख सकता है।

मौसम विभाग ने आगाह किया है कि चक्रवात ‘गुलाब’ तेज हो गया है। गुलाब चक्रवात महाराष्ट्र को भी कुछ हद तक प्रभावित करेगा। तूफान ओडिशा और छत्तीसगढ़ से विदर्भ की ओर बढ़ेगा।

इस दौरान 70-80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

महाराष्ट्र में अगले तीन-चार दिनों में बारिश हो सकती है। विदर्भ, मराठवाडा और मध्य महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने कोंकण, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा और विदर्भ में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।

मुंबई में आज और कल भारी बारिश होने का अनुमान है। ठाणे और पालघर में बुधवार तक भारी बारिश हो सकती है। रायगढ़, रत्नागिरी, धुले, नंदुरबार और जलगांव में सोमवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

औरंगाबाद, जालना, अकोला और अमरावती में आज के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी और भारी बारिश भी हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार से ‘गुलाब’ चक्रवात में बदल गया है।

चक्रवात के पश्चिम की ओर बढ़ने और उत्तरी आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम एवं दक्षिण ओडिशा के गोपालपुर तट से गुजरने की उम्मीद है।

मुंबई प्रादेशिक मौसम विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जयंत सरकार के अनुसार मुंबई में सोमवार को भारी बारिश का अनुमान है। महाराष्ट्र से अभी मानसून का विड्रोल नहीं हुआ है।

ऐसा बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के कारण हुआ है। अगले 5 दिनों तक राज्य में मानसून बना रहेगा।

मौसम एजेंसी स्काईमेट के अध्यक्ष महेश पालावत के अनुसार राजस्थान और छत्तीसगढ़ में एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय था।

महाराष्ट्र में अक्टूबर के पहले सप्ताह तक बारिश होने का अनुमान है। उल्लेखनीय है कि चक्रवाती तूफान ‘गुलाब’ नामकरण इस बार पाकिस्तान ने किया है।

Share This Article