इमरान हाशमी की आगामी एक्शन-एंटरटेनर फिल्म गनमास्टर G9 का पहला गाना ‘अफसाना बनाया आपने’ रिलीज हो गया है. इस गाने के साथ इमरान हाशमी और संगीतकार हिमेश रेशमिया की चर्चित जोड़ी एक बार फिर साथ आई है. गाने को लेकर शुरुआत से ही फैंस के बीच उत्सुकता बनी हुई थी.

हिमेश के अंदाज में रोमांटिक ट्रैक
‘अफसाना बनाया आपने’को हिमेश रेशमिया ने लिखा और कंपोज किया है. गाने में तेज तबला बीट्स, ऊंचे सुर और हिमेश की खास आवाज का अंदाज सुनने को मिलता है. फीमेल वोकल्स को असीस कौर ने आवाज दी है. गाने का टाइटल भी हिमेश के लोकप्रिय ट्रैक ‘आशिक बनाया आपने’ को याद दिलाता है.
मसूरी की खूबसूरत लोकेशन
गाने के म्यूजिक वीडियो में इमरान हाशमी फीमेल लीड जेनेलिया देशमुख के किरदार को रिझाते नजर आते हैं. जेनेलिया फिल्म में एक शांत स्वभाव वाली कैफे ओनर की भूमिका निभा रही हैं, जो धीरे-धीरे इमरान के किरदार के आकर्षण से प्रभावित होती है. वीडियो में मसूरी की धूप से भरी खूबसूरत गलियां भी दिखाई गई हैं.
इमरान ने बताया पुराने साथ का कनेक्शन
हिमेश रेशमिया ने कहा कि ‘गनमास्टर G9’ के गाने फिल्म की कहानी और दुनिया के अनुरूप तैयार किए गए हैं. वहीं इमरान ने हिमेश और निर्देशक आदित्य दत्त के साथ दोबारा काम करने को लेकर जुड़ी पुरानी यादों का जिक्र किया. उन्होंने स्पष्ट किया कि नया गाना अतीत को दोहराने के बजाय अपनी अलग भावनाओं के साथ तैयार किया गया है.
आदित्य दत्त के साथ भी फिर जुड़ी जोड़ी
‘गनमास्टर G9’ में इमरान हाशमी और निर्देशक आदित्य दत्त की भी वापसी हुई है. दोनों पहले आशिक बनाया आपने और दिल दिया है जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. फिल्म में अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह भी अहम भूमिकाओं में हैं.
27 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक
दीपक मुकुट, हुनर मुकुट और संगीता अहीर द्वारा निर्मित यह फिल्म सोहम रॉकस्टार इंटरटेंमेंट के बैनर तले प्रस्तुत की जा रही है. ‘गनमास्टर G9’ 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.


