
Hazaribagh Rape Case : हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या की वारदात ने सामाजिक संगठनों में गुस्सा भड़का दिया है।
संयुक्त सनातन गौ रक्षा वाहिनी के प्रदेश सचिव (युवा मोर्चा, झारखंड) नूपुर बरनवाल ने राज्यपाल को ज्ञापन देकर मामले की निष्पक्ष जांच और अपराधियों को कड़ी सजा देने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि यह अमानवीय घटना समाज को स्तब्ध कर देने वाली है, जो कानून-व्यवस्था पर सवालिया निशान लगा रही है। नूपुर बरनवाल ने राज्यपाल से व्यक्तिगत हस्तक्षेप की अपील की, ताकि अधिकारियों को तेज और पारदर्शी जांच के आदेश दिए जाएं। दोषियों को बख्शा न जाए, पीड़ित परिवार को सुरक्षा व कानूनी मदद मिले।
उन्होंने जोर देकर कहा कि अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कठोरतम सजा दिलाई जाए, जिससे न्याय का पैगाम समाज तक पहुंचे और कानून पर भरोसा बरकरार रहे। क्षेत्र में लोगों का आक्रोश चरम पर है, सभी आरोपीयों के खिलाफ सख्ती की मांग कर रहे हैं।
