आयोग में अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी
पटना : बिहार राज्य मानवाधिकार आयोग ने पटना के शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में संज्ञान ले लिया है। मानवाधिकार मामलों के जानकार अधिवक्ता एस.के.झा की ओर से राज्य मानवाधिकार आयोग में याचिका दर्ज की गई थी।
सोमवार को मामले की सुनवाई करते हुए आयोग ने इसे बेहद गंभीर बताया। आयोग की ओर से मामले में एसएसपी पटना को नोटिस जारी कर आठ सप्ताह के अंदर रिपोर्ट की मांग की गई है। छात्रा बिहार के जहानाबाद जिले की निवासी थी, जो शम्भू गर्ल्स हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। छात्रा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद जो तथ्य सामने आए, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि यह मामला काफी गंभीर है।

मामले के संबंध में अधिवक्ता एस.के.झा ने कहा कि शरीर पर चोटों के निशान और अन्य परिस्थितियां बड़ी आपराधिक घटना की ओर इशारा करती है। उन्होंने आयोग से अवकाश-प्राप्त न्यायाधीश की निगरानी में मामले की निष्पक्ष औऱ उच्चस्तरीय जांच की मांग की थी, जिसपर आयोग ने सुनवाई करते हुए एसएसपी पटना को तलब किया । आयोग में मामले की अगली सुनवाई 22 अप्रैल को होगी।




