उच्च शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने में IGNOU निभा रहा अहम भूमिका: धर्मेंद्र प्रधान

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

नई दिल्ली: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) उच्च शिक्षा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए शीर्ष स्तर का बुनियादी ढांचा अनिवार्य है।

केंद्रीय मंत्री प्रधान वर्चुअल माध्यम से इग्नू के बेंगलुरु, नोएडा और पुणे के क्षेत्रीय केंद्र भवनों की आधारशिला रखने के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के संदर्भ में उन्होंने कहा कि नई नीति में भारत को एक वैश्विक ज्ञान केंद्र और ओडीएल प्रणाली (मुक्त और दूरस्थ शिक्षा) के रूप में स्थापित करने की परिकल्पना की गई है। इग्नू द्वारा इसे सक्षम करने के लिए नियमों की आवश्यकता है।

इग्नू के कुलपति प्रो. नागेश्वर राव ने केंद्रीय मंत्री द्वारा नोएडा, पुणे और बेंगलुरु में क्षेत्रीय केंद्रों की आधारशिला रखने को ऐतिहासिक अवसर बताया।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुसार हम भारत को ग्लोबल नॉलेज हब बनाने के बड़े उद्देश्य को पूरा करने के लिए मंत्रालय द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मिलकर काम करेंगे।

उन्होंने तकनीकी-सक्षम शिक्षा का उपयोग करने पर जोर दिया।

प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय के लिए भौतिक बुनियादी ढांचे के निर्माण के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा प्रदान करने के इस सामाजिक कारण में उनकी मदद के लिए केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) को भी धन्यवाद दिया।

Share This Article