
पटना: बिहार के राशनकार्ड धारियों के जरूरी खबर है. सरकार की ओर से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून के तहत हर महीने मिलने वाले मुफ्त राशन के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य कर दिया गया है। जिसमें कहा गया है कि राशन कार्डधारी अब तक अगर केवाईसी नहीं कराए हैं तो इसी महीने के आखिर में यानी कि 28 फरवरी 2026 तक केवाईसी करना जरूरी है. नहीं तो केंद्र सरकार के गाइडलाइन के मुताबिक राशन कार्ड से नाम काट दिया जाएगा. बताते चलें कि सरकार पिछले कई महीनों से इसकी डेडलाइन बढ़ाती आ रही है, लेकिन अब भी बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जिन्होंने यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है। ऐसे में लापरवाही आपके लिए महंगी साबित हो सकती है।
घर बैठे मोबाइल से ऐसे करें ई-केवाईसी
अगर आप राशन की दुकान पर जाने से बचना चाहते हैं, तो मोबाइल फोन से घर बैठे भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए आपको सबसे पहले अपने राज्य के सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के आधिकारिक पोर्टल पर जाना होगा। वहां “आधार लिंक” या राशन कार्ड ई-केवाईसी का विकल्प मिलेगा। अब आपको अपना राशन कार्ड नंबर और आधार नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। ओटीपी डालते ही आपकी केवाईसी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
ऑफलाइन भी करा सकते हैं ई-केवाईसी
अगर आप ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं करना चाहते, तो ऑफलाइन तरीका भी उपलब्ध है। इसके लिए अपने नजदीकी राशन कार्ड डीलर या जन वितरण प्रणाली (PDS) की दुकान पर जाएं। अपने साथ आधार कार्ड की कॉपी जरूर ले जाएं। वहां डीलर ई-पीओएस मशीन के जरिए आपका बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन करेगा। आपको मशीन पर अंगूठा लगाना होगा, जिससे सत्यापन पूरा हो जाएगा। ध्यान रखें कि इस प्रक्रिया के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता। अगर कोई पैसे मांगता है, तो आप शिकायत कर सकते हैं। इसलिए 28 फरवरी से पहले अपना ई-केवाईसी जरूर पूरा कर लें, ताकि हर महीने मिलने वाला मुफ्त राशन बिना रुकावट जारी रहे।
