
चंडीगढ़ : हरियाणा के पानीपत में एक महिला एमबीबीएस डॉक्टर ने कथित ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर अपने घर की तीसरी मंजिल से छलांग लगा दी। इस घटना में डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके शरीर में कई फ्रैक्चर आए हैं। कई दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद भी वह फिलहाल चलने-फिरने में असमर्थ है और बेड पर है। मामले की शिकायत डॉक्टर के भाई और चाचा ने पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक (SP) ने जांच सफीदो के डीएसपी को सौंप दी। शुरुआती जांच में सामने आया कि आरोपी युवक ने डॉक्टर का शारीरिक शोषण करने के बाद उसकी निजी वीडियो और तस्वीरें बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। आरोप है कि आरोपी ने एक करोड़ रुपये नकद और जेवरात की मांग भी की।
पहले जींद के पिल्लूखेड़ा थाना में जीरो FIR दर्ज की गई थी। बाद में घटना का मुख्य केंद्र पानीपत होने के कारण केस को मॉडल टाउन थाना भेज दिया गया। अब पानीपत पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक, पीड़िता और आरोपी मोहित की पहचान स्कूल के दिनों में हुई थी। दोनों जींद के एक पब्लिक स्कूल में साथ पढ़ते थे। आरोप है कि मोहित ने खुद को संपन्न परिवार से बताकर युवती को अपने झांसे में लिया और शादी का प्रस्ताव रखा। साल 2019 में जब पीड़िता MBBS की पढ़ाई के लिए तेलंगाना गई, तब आरोपी भी वहां पहुंच गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी ने दोस्ती के बहाने युवती को नशीला पदार्थ पिलाया और उसके बाद उसके साथ जबरदस्ती की। इसी दौरान आरोपी ने निजी वीडियो और तस्वीरें रिकॉर्ड कर लीं। जब युवती को आरोपी की सच्चाई का पता चला तो उसने शादी से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी लगातार उसका पीछा करने लगा और वीडियो वायरल करने तथा सोशल मीडिया पर बदनाम करने की धमकी देकर पैसे मांगने लगा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने युवती पर दबाव बनाते हुए घर के सोने-चांदी के जेवर और एक करोड़ रुपये लाने की मांग की। लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक दबाव से परेशान होकर महिला डॉक्टर ने आत्मघाती कदम उठा लिया। मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमहेंद्र ने बताया कि जींद से दर्ज जीरो FIR पानीपत ट्रांसफर होकर आई है और पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

