मैकलुस्कीगंज: कंचनजंगा इंटरनेशनल स्कूल मैकलुस्कीगंज परिसर में अंतरराष्ट्रीय आदिवासी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उदघाटन विद्यालय के निदेशक कमल मुंडा और प्राचार्य जोसेफ एडवर्ड नताल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर एवं भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक प्रार्थना से हुई। इसके बाद प्राचार्य जोसेफ एडवर्ड नताल ने स्वागत भाषण देते हुए आदिवासी समाज की समृद्ध विरासत, पूर्वजों के ज्ञान, पारंपरिक भाषाओं और प्रकृति एवं जमीन से जुड़े संबंधों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र की विभिन्न आदिवासी जनजातियों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर सांस्कृतिक विविधता की आकर्षक झलक प्रस्तुत की। छात्रों ने पारंपरिक आदिवासी नृत्य एवं लोकगीतों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रकृति संरक्षण, सामुदायिक जीवन और आदिवासी परंपराओं से जुड़ी भावनाओं को अभिव्यक्त किया गया।
विद्यालय परिसर में आदिवासी संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें हस्तकला, पारंपरिक औजार और जैविक खेती से संबंधित जानकारी प्रदर्शित की गई। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित सेमिनार में गेस्ट स्पीकर एवं डायरेक्टर कमल मुंडा ने आदिवासी समुदायों के समक्ष वर्तमान चुनौतियों तथा पारंपरिक विरासत को संरक्षित रखने में युवाओं की भूमिका पर चर्चा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उप प्राचार्य संतोष मुंडा, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी धर्मशील कुजूर एवं संध्या कुमारी, सूर्य भूषण प्रसाद, रूबी कुमारी, विजय मुंडा, स्टीफन कुजूर, प्राची कुमारी, सायरा एली तिर्की, सायना सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। छात्र बब्लू, अमन, माही, हिमानी और सुहानी समेत अन्य विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई।


