
नई दिल्ली : मध्य-पूर्व में चल रहे सैन्य संघर्ष में एक भारतीय की मौत हो गई है। ओमान में ईरान की ओर से हुए ड्रोन हमले में शख़्स मारा गया। सल्तनत ऑफ़ ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने इसकी पुष्टि की है। मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने बयान जारी करते हुए कहा कि मार्शल आइलैंड्स के ध्वज वाले ऑयल टैंकर ‘एमकेडी व्योम’ पर ड्रोन से हमला हुआ, हमले से इंजन रूम में आग लगी और धमाका हुआ। इसमें एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई। बयान में कहा गया कि टैंकर के 21 क्रू सदस्यों को बाहर निकाला गया। इनमें 16 भारतीय, 4 बांग्लादेशी और 1 यूक्रेनी नागरिक शामिल थे। गौरतलब है कि इजराइल-अमेरिका और ईरान जंग का आज तीसरा दिन है। इस बीच ईरान ने सऊदी अरब की बड़ी तेल रिफाइनरी रास तनूरा पर हमला किया है। यह रिफाइनरी सऊदी की सरकारी तेल कंपनी सऊदी अरामको की है। रॉयटर्स के मुताबिक रिफाइनरी हमले के बाद बंद कर दी गई।
इसकी क्षमता लगभग 5.5 से 6 लाख बैरल प्रतिदिन के आसपास मानी जाती है। ऑयल एक्सपोर्ट टर्मिनल रास तनूरा दुनिया के सबसे बड़े ऑफशोर ऑयल लोडिंग टर्मिनलों में से एक है। यहां से बड़े तेल टैंकरों में कच्चा तेल भरकर अमेरिका, एशिया और यूरोप समेत कई देशों को भेजा जाता है।
