जम्मू में मादक पदार्थ रोधी अभियान होगा तेज, सुरक्षा ग्रिड को किया जाएगा मजबूत: आईजीपी

जम्मू के आईजीपी तेजिंदर सिंह ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज करने और सुरक्षा ग्रिड मजबूत करने की घोषणा की। पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि देकर शांति का संकल्प दोहराया।

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जम्मू: जम्मू क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) तेजिंदर सिंह ने बुधवार को कहा कि पुलिस मादक पदार्थों के खिलाफ अपने अभियान को तेज करेगी और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया जाएगा। सिंह ने यहां ‘पुलिस स्मृति दिवस’ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में परेड की सलामी ली। उन्होंने ‘रेल हेड’ इलाके में स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर क्षेत्र की सुरक्षा में अपना कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। सिंह ने पुलिसिंग के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि जरूरी है कि पुलिस का अपने अधिकार क्षेत्र में प्रभाव और उपस्थिति स्पष्ट रूप से नजर आए।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘सुरक्षा के दृष्टिकोण से, चाहे वह सीमा हो, नियंत्रण रेखा (एलओसी) हो या आंतरिक सुरक्षा का पहलू हो, हम सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत करेंगे तथा शांति-सौहार्द बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।’’ आईजी ने मादक पदार्थ रोधी अभियान के बारे में कहा कि संपत्तियों को जब्त करने और बरामदगी करने से जुड़ी यह मुहिम लगातार जारी है तथा हाल में कुछ अतिरिक्त बरामदगियां भी की गई हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आने वाले दिनों में, जम्मू क्षेत्र में मादक पदार्थों के खिलाफ हमारा अभियान और तेज होगा, और यह पहले से ही उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है।’’ सिंह ने पुलिसकर्मियों के बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में शांति और सौहार्द स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों के बलिदान और शहादत के प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि यही होगी कि भविष्य में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और ऐसी स्थितियों की पुनरावृत्ति को रोका जाए।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।