जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के तीनप्लेट सब्जी मंडी में एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग लगने से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना के एसआई अजीत राय मौके पर पहुंचे और आग को दूसरी दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया।

इसके बाद गोलमुरी थाना प्रभारी प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। आग बुझाने के लिए टाटा मोटर्स और झारखंड अग्निशमन विभाग की एक-एक दमकल गाड़ी बुलाई गई। दमकलकर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
घटना के समय दुकानदार दुकान में मौजूद नहीं थे। इस कारण दुकान में रखे सामान को हुए नुकसान का पता नहीं चल पाया है। आग लगने का कारण भी फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद ही नुकसान और आग लगने की असली वजह का पता चल सकेगा।


