जदयू ने नाला सफाई कार्यों में लापरवाही का लगाया आरोप

जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र में नालों की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। जदयू और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने निरीक्षण कर अधूरे कार्यों को लेकर नाराजगी जताई।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के निर्देश पर जनता दल (यूनाइटेड) और जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने रविवार को मानगो क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख नालों का निरीक्षण किया। इस दौरान टैंक रोड, कालिका नगर चौक, उलीडीह, खनका, कालिका नगर रोड संख्या-3 तथा कुटकुट डुंगरी रोड संख्या-6 सहित कई बड़े नालों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधियों ने दावा किया कि जिन नालों की सफाई के लिए मई माह में वर्षा पूर्व निविदाएं जारी की गई थीं, उनमें अधिकांश स्थानों पर अब तक सफाई कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। उनका कहना था कि इन निविदाओं का उद्देश्य मानसून से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना था, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित कार्य दिखाई नहीं दे रहा है।

कालिका नगर रोड संख्या-3 स्थित नाले के निरीक्षण में पाया गया कि सफाई कार्य के नाम पर नाले की स्लैब तो काट दी गई, लेकिन डेढ़ माह से अधिक समय बीत जाने के बाद भी काम अधूरा पड़ा है। इससे स्थानीय लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि करीब एक माह पहले मेयर, उप-मेयर और मानगो नगर निगम के अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण कर शीघ्र कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक न तो सफाई हुई और न ही मरम्मत का काम शुरू हो सका।

इसी तरह कुटकुट डुंगरी रोड संख्या-6 (नीचे टोला) स्थित बड़े नाले की सफाई नहीं होने से वर्षा का पानी सड़क और आसपास के घरों में घुस रहा है। इससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों के अनुसार नगर निगम चुनाव से पहले नाले की सफाई कराई गई थी, लेकिन उसके बाद आज तक दोबारा सफाई नहीं कराई गई। निरीक्षण के दौरान मौजूद वार्ड पार्षदों ने आरोप लगाया कि मानगो नगर निगम की ओर से नाला सफाई संबंधी अधिकांश कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर अपेक्षित काम नहीं हो रहा है। जदयू एवं जनसुविधा समिति के प्रतिनिधियों ने कहा कि मानगो क्षेत्र में नालों की सफाई, विकास योजनाओं और अन्य जनसमस्याओं की नियमित निगरानी की जाएगी। जिन योजनाओं की निविदा जारी होने के बावजूद कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, उनकी जानकारी भी आम जनता के सामने लाई जाएगी।

निरीक्षण में जदयू जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद राजू प्रजापति, जनसुविधा समिति के संयोजक पप्पू सिंह, नीरज सिंह, अजय कुमार, कुलविंदर सिंह पन्नू, महेश सिंह, विकास साहनी, दीपक गौड़, बिनोद सिंह, अशोक सिंह, संजीव सिंह, मनोज गुप्ता, मुकेश सिंह, प्रवीण सिंह, लालू गौड़, संतोष भगत, टूनटून सिंह, सरीन अख्तर, संजय शर्मा, संजय सिंह, बीरू कुमार, विकास सिंह राणा, ममता सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।