जमशेदपुर: जमशेदपुर के मरीन ड्राइव में सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी तृषा सिंह समेत चार लोगों की मौत की घटना के बाद परिवहन विभाग ने सड़क पर वाहनों की पार्किंग को लेकर सख्ती शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

परिवहन मंत्री दीपक बिरुवा ने रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से राज्यवासियों से मुख्य सड़क और सहायक सड़कों पर वाहन पार्क नहीं करने की अपील की है। मंत्री ने सभी जिलों के उपायुक्तों से इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) और मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआइ) की सेवाएं लेने को कहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आज से सड़क पर वाहन पार्क करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। दीपक बिरुवा ने कहा कि मुख्य और सहायक सड़कों पर वाहनों की पार्किंग से आवागमन बाधित होता है तथा दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने गैराज और वाशिंग सेंटर संचालकों के साथ युवाओं से भी सड़क का इस्तेमाल पार्किंग के रूप में नहीं करने की अपील की।


