
जामताड़ा: रांची सिविल कोर्ट के बाद जामताड़ा सिविल कोर्ट को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने तुरंत हरकत में आकर सुरक्षा बढ़ा दी। बताया जा रहा है कि धमकी तमिलनाडु के एक संगठन के नाम से भेजी गई थी, जिसमें ड्रोन हमले की बात कही गई थी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी भरे ईमेल की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। साइबर सेल की मदद से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ईमेल किस स्थान से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं।
बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
धमकी के बाद कोर्ट परिसर की पूरी घेराबंदी कर दी गई। अंदर और बाहर भारी संख्या में पुलिस तैनात की गई। किसी भी व्यक्ति को बिना जांच प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई। मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) नीतीश कुमार सांगा ने स्वयं कोर्ट परिसर और अधिवक्ता भवन का निरीक्षण किया। मौके पर हेड क्वार्टर डीएसपी संजय कुमार सिंह और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे। सुरक्षा के मद्देनजर डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने कोर्ट परिसर के सभी कमरे, गलियारों और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
स्थिति फिलहाल सामान्य
पुलिस का कहना है कि अभी तक कोर्ट परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इसके बावजूद सुरक्षा में कोई ढील नहीं दी जा रही। पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
