
रांची : झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा परिषद (JCECEB) ने बीएड, एमएड और बीपीएड कोर्स में एडमिशन के लिए होने वाली प्रवेश परीक्षा की तारीख बदल दी है। पहले यह परीक्षा 26 अप्रैल को तय थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ाकर 10 मई कर दिया गया है।
अब इन शहरों में होगी परीक्षा
पर्षद के मुताबिक, परीक्षा राज्य के कई प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी। इनमें रांची, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, दुमका, पलामू, हजारीबाग और चाईबासा शामिल हैं। इन सभी जगहों पर परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे ताकि राज्यभर के अभ्यर्थियों को सुविधा मिल सके।
आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ी
छात्रों को राहत देते हुए ऑनलाइन आवेदन की आखिरी तारीख भी बढ़ा दी गई है। अब अभ्यर्थी 7 अप्रैल तक आवेदन कर सकते हैं। पहले यह तारीख 25 मार्च थी, जिसे आगे बढ़ा दिया गया है। अगर किसी अभ्यर्थी से फॉर्म भरते समय कोई गलती हो गई है, तो उसे सुधारने का मौका भी दिया जाएगा। इसके लिए 8 और 9 अप्रैल को करेक्शन विंडो खुली रहेगी।
जानिए एडमिट कार्ड कब मिलेगा
परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड परीक्षा तिथि से चार दिन पहले जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी इन्हें पर्षद की आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
D.El.Ed को लेकर भी अपडेट
राज्य के पांचों प्रमंडलों में एक-एक DIET में D.El.Ed कोर्स शुरू किया जाएगा। हर संस्थान में 50 सीटों पर नामांकन होगा। दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल में यह कोर्स DIET, रातू में संचालित होगा। इसके लिए एडमिशन प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।
