
Jharkhand News: झारखंड के चतरा जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग रांची-चतरा मुख्य पथ पर बगरा-जबरा के समीप शनिवार को बिहार पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये का इनामी कुख्यात गैंगस्टर उत्तम यादव को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया। चतरा शहर के सुरही मुहल्ला का रहने वाला उत्तम लातेहार के बालूमाथ से चतरा की ओर अपाचे बाइक से आ रहा था।
बालूमाथ से उसका पीछा कर रही पुलिस ने सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मार्ग पर घेराबंदी की। एनकाउंटर में उत्तम को पैर, कमर और छाती में गोली लगी। घायल अवस्था में चतरा सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कैसे हुई मुठभेड़?
पुलिस को हजारीबाग SP अंजनी अंजन की सूचना पर अलर्ट था। उत्तम बाइक पर सहयोगी के साथ भाग रहा था। पीछे बैठे सहयोगी ने पुलिस पर गोली चला दी, जिससे पुलिस का स्कॉर्पियो क्षतिग्रस्त हो गया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें उत्तम गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहयोगी फरार हो गया, लेकिन पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। चतरा SP ने बताया कि ये ऑपरेशन हजारीबाग ज्वेलर्स फायरिंग के बाद से चल रहा था।
हजारीबाग ज्वेलर्स फायरिंग का कनेक्शन
उल्लेखनीय है कि जून 2025 में उत्तम यादव ने अपने गुर्गों के जरिए हजारीबाग शहर के बाड़म बाजार चौक स्थित श्री ज्वेलर्स शॉप पर गोलीबारी कराई थी। हथियार लहराते हुए सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर उसने घटना की जिम्मेदारी ली और व्यवसायियों को खुली धमकी दी थी।
इसके बाद से पुलिस सक्रिय हो गई। उत्तम पर झारखंड और बिहार में कई मामले दर्ज हैं – हत्या, रंगदारी, गोलीबारी और गैंगवार। वो ‘टाइगर’ नामक आपराधिक गिरोह का सरगना था। हाल ही में उसके गैंग के कई सदस्य गिरफ्तार हो चुके थे।
उत्तम यादव पिछले कुछ महीनों से अपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस को खुली चुनौती दे रहा था। बिहार पुलिस ने 50 हजार का इनाम घोषित किया था। चतरा और हजारीबाग पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अपराधियों में खौफ फैल गया। SP अंजनी अंजन ने कहा कि उत्तम जैसे गैंगस्टरों के खिलाफ सख्ती जारी रहेगी। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया, और अब उसके सहयोगी की गिरफ्तारी पर फोकस है।
