
रांची : केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रांची के लोक भवन के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, खिजरी विधायक राजेश कच्छप समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर भी सवाल उठाया, जिसमें उन्होंने लोगों से अनावश्यक विदेश यात्रा से बचने और पेट्रोल-डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील की थी।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि केंद्र सरकार अपने कामकाज में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक तरफ जनता से बचत की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी तरफ सरकार के मंत्री खुद संसाधनों का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है और सरकार इसे नियंत्रित करने में नाकाम है, जिसका सीधा असर आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि वह इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाती रहेगी।
वहीं खिजरी विधायक राजेश कच्छप ने कहा कि देश की आजादी के लिए महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस और जवाहरलाल नेहरू जैसे नेताओं के नेतृत्व में लाखों लोगों ने संघर्ष किया था। लेकिन आज देश फिर से आर्थिक गुलामी की ओर बढ़ता दिख रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश की संपत्तियों को पूंजीपतियों के हाथों में सौंप रही है और राष्ट्रीय हितों से समझौता कर रही है।

