धनबाद में जमीन विवाद, दो गुट में हुई जमकर मारपीट, एक को लगी गोली

News Aroma Media
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: महुदा थाना क्षेत्र के धनबाद – बोकारो मुख्य मार्ग स्थित भुरुगिया में पुरानी रंजिश और जमीन विवाद में गुरुवार की रात दो गुट के बीच जमकर मारपीट और पत्थरबाजी हुई। घटना में गोली चलने की भी जानकारी सामने आ रही है।

बताया जा रहा है कि लगभग दो माह पूर्व एक होटल में दोनों पक्ष के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इसी क्रम में में गुरुवार को भी दोनों गुट आपस में भीड़ गए।

दो गुट का झगड़ा दो समुदाय के झगड़े में तब्दील हो गया। बाघमारा बीडीओ, सीओ घटनास्थल पर देर रात तक जमे रहे।

वहीं दूसरी ओर महुदा, कतरास सहित कई थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर कैम्प की हुई थी। जिला से भी अतिरिक्त पुलिस बल मंगाई गयी थी।

अनहोनी की आशंका के मद्देनजर इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। इस झड़प में दोनों ओर से कई लोगों के घायल होने की सूचना है।

मामले में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी

एक को गोली लगने की बात सामने आई है। एक महिला भी घायल है। घायलों को इलाज के लिए धनबाद एसएनएमएमसीएच लाया गया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घायलों का इलाज अस्पताल में किया जा रहा है।

अस्पताल में भी तनाव की स्थिति को देखते हुए कई थाने की पुलिस पहुंची हुई है। धनबाद एसएनएमएमसीएच अस्पताल में पहुंचे सरायढेला थाना प्रभारी ने बताया कि महुदा में मारपीट की घटना हुई है।

मामला जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है, जो लंबे समय से चल रहा था। फिलहाल घायल का इलाज कराया जा रहा है। मामले में दोषियों के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article