

रांची : राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक पारदर्शी, हाईटेक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यमंत्री डिजिटल हेल्थ मिशन, अस्पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस), आईसीयू, सीसीटीवी, डैशबोर्ड और मानव संसाधन सूचना प्रणाली (एचआरआईएस) की वर्तमान स्थिति पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान राज्य भर के अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ऑनलाइन सेवाओं और इंटरनेट कनेक्टिविटी को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।





बैठक में सी-डैक के अस्पताल प्रबंधन तंत्र की समीक्षा करते हुए अपर मुख्य सचिव ने प्रणाली को तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को रिम्स जाकर इसकी व्यावहारिक प्रगति की जांच करने को कहा और स्वयं भी रिम्स का दौरा कर डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं का प्रत्यक्ष निरीक्षण करने की बात कही। मरीजों की सुविधा के लिए उन्होंने अगले 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट और डिजिटल भुगतान की व्यवस्था अनिवार्य रूप से लागू करने के कड़े निर्देश जारी किए। स्वास्थ्य ढांचागत सुविधाओं को मजबूत करने के क्रम में बीएसएनएल को राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों, अनुमंडलीय अस्पतालों, सीएचसी और पीएचसी स्तर तक वाई-फाई कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में इंटरनेट की गति को 2 एमबीपीएस से बढ़ाकर 20 एमबीपीएस करने का लक्ष्य रखा गया है। बीएसएनएल की ओर से बताया गया कि 188 सीएचसी में वाई-फाई चालू कर दिया गया है तथा रामगढ़ जिले के सभी पीएचसी में 7 सितंबर तक 20 एमबीपीएस की इंटरनेट स्पीड चालू कर दी जाएगी। जहां बिजली की निर्बाध आपूर्ति में समस्या है, वहां 48 घंटे का पावर बैकअप देने की व्यवस्था की जा रही है।
तकनीकी नवाचार के तहत बैठक में एक अत्याधुनिक और एआई आधारित छोटी टेली-ईसीजी मशीन का प्रदर्शन किया गया, जिसे सीएचसी स्तर पर लगाने का प्रस्ताव है। इस तकनीक की मदद से ‘गोल्डन आवर’ में दिल के मरीजों को तत्काल ईसीजी रिपोर्ट मिल सकेगी, जिसे डॉक्टर सीधे अपने मोबाइल पर भी देख सकेंगे। इसके अतिरिक्त 104 पोर्टल के तहत संचालित एचआरआईएस की समीक्षा के दौरान अपर मुख्य सचिव ने एनएचएम के संविदाकर्मियों के मानदेय भुगतान को इसी पोर्टल पर दर्ज मासिक उपस्थिति से जोड़ने की प्रक्रिया को तय समय-सीमा के भीतर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा, संयुक्त सचिव दिनेश कुमार यादव सहित सी-डैक, बीएसएनएल और भारतीय स्टेट बैंक के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
