
Excise Constable Recruitment : झारखंड में उत्पाद सिपाही (Excise Constable) के 583 पदों के लिए आयोजित परीक्षा राज्य के 8 जिलों में 370 परीक्षा केंद्रों पर आज संपन्न हो रही है। इस परीक्षा में 1.48 लाख से अधिक अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं।
राजधानी रांची में सबसे अधिक 82 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा पूर्वी सिंहभूम और धनबाद में 77-77 केंद्र, बोकारो में 27, देवघर में 31, दुमका में 30 और रामगढ़ में 32 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। सभी जिलों में प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू की गई है।
परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जा रही है—पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी 11:30 से 1:30 बजे और तीसरी 3:30 से 5:30 बजे तक। पहली पाली के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 7:00 बजे निर्धारित किया गया है।
आयोग ने अभ्यर्थियों को केवल एडमिट कार्ड और पेन साथ लाने की अनुमति दी है, जबकि अन्य सभी सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
यह भर्ती प्रक्रिया लंबे समय से चल रही है। उत्पाद सिपाही के 583 पदों के लिए यह चयन प्रक्रिया वर्ष 2023 से जारी है और राज्य सरकार पिछले आठ वर्षों से इसे पूरा करने का प्रयास कर रही है। इससे पहले दो बार परीक्षा रद्द भी हो चुकी है।
वर्ष 2024 में आयोजित शारीरिक दक्षता परीक्षा में करीब 5.50 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे, जिसमें विभिन्न केंद्रों पर हुई घटनाओं के बाद नियमों में संशोधन करते हुए दौड़ की दूरी कम की गई थी।

