Police Suspension Controversy: बोकारो जिले के पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में एक साथ 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित किए जाने के फैसले ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। इस कार्रवाई पर झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने कड़ी आपत्ति जताई है और इसे वरिष्ठ अधिकारियों की नाराजगी और दबाव का परिणाम बताया है।

एसोसिएशन के प्रतिनिधियों का कहना है कि किसी भी घटना में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई होना जरूरी है, लेकिन एक साथ इतनी बड़ी संख्या में जवानों को सस्पेंड करना न सिर्फ असंतुलित निर्णय है, बल्कि इससे पुलिस बल का मनोबल भी प्रभावित होता है। उनका मानना है कि इस तरह के फैसले से ईमानदारी से काम कर रहे पुलिसकर्मियों के बीच असुरक्षा की भावना बढ़ सकती है।
एसोसिएशन ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में ट्रांसफर-पोस्टिंग और अनुशासनात्मक कार्रवाइयों में जिस प्रकार के नियम लागू किए जा रहे हैं, उसका सीधा असर पुलिसकर्मियों के दैनिक कार्यों और उनकी मानसिक स्थिति पर पड़ रहा है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि इस मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए, ताकि वास्तविक दोषियों की पहचान हो सके।
इसके साथ ही एसोसिएशन ने बोकारो के पुलिस अधीक्षक से इस फैसले की समीक्षा करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि बिना ठोस कारणों के इतनी बड़ी संख्या में निलंबन किया जाता है, तो इससे विभाग की कार्यप्रणाली और जनता के बीच उसकी छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
फिलहाल, यह मामला प्रशासनिक और पुलिस महकमे में चर्चा का विषय बना हुआ है, और सभी की नजरें आगे होने वाले निर्णय पर टिकी हैं।


