झारखंड में ईद, सरहुल और रामनवमी पर सुरक्षा कड़ा करने को हेमंत सोरेन की उच्च स्तरीय बैठक

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ईद, सरहुल और रामनवमी के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों को सुरक्षित माहौल में त्योहार मनाने के लिए उच्च स्तरीय बैठक कर दिशा-निर्देश दिए।

Neeral Prakash
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची: हेमंत सोरेन ने ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए उच्च स्तरीय बैठक की। गुरुवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उपायुक्त (डीसी) और वरीय पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक (एसएसपी/एसपी) के साथ स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि राज्य के सभी लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार मना सकें। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और दंडाधिकारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।

इसके अलावा, जुलूस और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं ड्रोन के माध्यम से कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हर गतिविधि पर सतर्क नजर बनी रहे। सोशल मीडिया पर भी प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है। अफवाह फैलाने या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को शांति समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में मुख्य सचिव, गृह सचिव, डीजीपी, एडीजी (अभियान), आईजी (स्पेशल ब्रांच), जोनल आईजी, रेंज के डीआईजी सहित सभी जिलों के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक मौजूद रहे।

Share This Article
नीरल प्रकाश के पास पत्रकारिता में 2 वर्षों का अनुभव है। उन्होंने एंकरिंग, रिपोर्टिंग और स्क्रिप्ट राइटिंग में काम किया है। पिछले 2 सालों से वे IDTV इंद्रधनुष के साथ काम कर रही हैं, जहां उन्होंने ऑन-एयर प्रस्तुतिकरण के साथ-साथ बैकएंड कंटेंट क्रिएशन में भी योगदान दिया। समाचार रिपोर्टिंग के अलावा, उन्होंने आकर्षक स्क्रिप्ट तैयार करने और कहानी को पेश करने का अनुभव भी प्राप्त किया है।