रांची : राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रांची क्लब में आयोजित ‘स्वर्णिम भारत एक्सपो 2026’ का उद्घाटन करते हुए कहा कि भारत आज विज्ञान, तकनीक, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह एक्सपो नागरिकों को सरकारी योजनाओं, आधुनिक तकनीकों और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने में बेहद मददगार साबित होगा।

युवाओं को देश का भविष्य बताते हुए राज्यपाल ने उनसे नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल व कौशल विकास जैसी रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को सही दिशा देना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
झारखंड की संभावनाओं पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध जनजातीय संस्कृति और प्रतिभाशाली युवाओं से परिपूर्ण इस राज्य में विकास की असीम संभावनाएं हैं। आधुनिक तकनीक और उद्यमिता के जरिए इन क्षमताओं का सही उपयोग कर राज्य को प्रगति के पथ पर तेजी से आगे बढ़ाया जा सकता है। राज्यपाल ने सभी से अपने कार्यक्षेत्र में पूरी ईमानदारी और परिश्रम के साथ योगदान देने की अपील की ताकि एक सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार हो सके।


