अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, झारखंड आयुष निदेशालय ने बुलाई राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज, आयुष निदेशालय ने समीक्षा बैठक बुलाई। राज्यभर में योग कार्यक्रम, जागरूकता अभियान और जनभागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

International Yoga Day 2026 : 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 को लेकर झारखंड में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आयुष निदेशालय ने राज्यभर में योग दिवस को व्यापक स्तर पर आयोजित करने की योजना बनाई है। इसी क्रम में नामकुम स्थित आयुष निदेशालय में 13 जून को राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई गई है, जिसमें विभिन्न जिलों के आयुष पदाधिकारी भाग लेंगे।

‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ है इस वर्ष की थीम

भारत सरकार के आयुष मंत्रालय ने इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग) निर्धारित की है। इसी थीम के अनुरूप राज्य के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी संस्थानों, पार्कों, वृद्धाश्रमों, छात्रावासों, पुलिस स्टेशनों, अस्पतालों, स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा महाविद्यालयों सहित सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योगा प्रोटोकॉल (CYP) के तहत सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

14 से 21 जून तक होंगे विशेष कार्यक्रम

राज्य में 6 जून से ही योग प्रशिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर विभिन्न संस्थानों में प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू कर दिए गए हैं। वहीं स्टेट योग सेंटर में 14 जून से 21 जून तक प्रतिदिन अलग-अलग विषयों पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

इन कार्यक्रमों में योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, मधुमेह नियंत्रण, उच्च रक्तचाप, जोड़ों के दर्द से राहत तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास से जुड़े विषयों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जाएगा।

जनभागीदारी पर रहेगा विशेष जोर

योग दिवस कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, झारखंड पुलिस, एनसीसी, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, स्कूली छात्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, स्वास्थ्यकर्मियों, खेल प्रतिभाओं और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।

इसके साथ ही कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए वाई-ब्रेक (Y-Break) प्रोटोकॉल को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि वे कार्यस्थल पर कम समय में योगाभ्यास कर तनावमुक्त रह सकें।

प्रचार-प्रसार और प्रतियोगिताओं का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रचार-प्रसार के लिए समाचार-पत्रों, बैनर, होर्डिंग, नुक्कड़ नाटकों और अन्य जनसंपर्क माध्यमों का उपयोग किया जाएगा। स्कूली बच्चों के लिए योग, चित्रकला प्रतियोगिता, सेमिनार और अन्य रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा।

उत्कृष्ट योग प्रशिक्षकों, हर्बल गार्डन विकसित करने वाले स्वास्थ्य संस्थानों और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को राज्य स्तर पर सम्मानित करने की भी योजना है।

योग के फायदे बताए जाएंगे

आयुष विभाग के अनुसार योग न केवल शरीर को लचीला और मजबूत बनाता है, बल्कि तनाव कम करने, मानसिक स्वास्थ्य सुधारने, स्मरण शक्ति बढ़ाने, अच्छी नींद लाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में भी सहायक है। विभाग ने सभी जिलों और संबंधित संस्थानों से योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है।

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।