रांची: झारखंड की जेलों में निम्नवर्गीय लिपिक सह कंप्यूटर संचालक के पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। गृह विभाग ने 29 पदों पर सीधी नियुक्ति के लिए झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को अधियाचना भेज दी है। इसके साथ ही पदों के सृजन से संबंधित दस्तावेज और नियुक्ति नियमावली की प्रति भी आयोग को उपलब्ध करा दी गई है। माना जा रहा है कि अगले महीने भर्ती का विज्ञापन जारी किया जा सकता है।

12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
इन पदों पर नियुक्ति झारखंड राज्य कारा लिपिक सह कंप्यूटर संचालक संवर्ग नियुक्ति नियमावली-2025 के तहत की जाएगी। आवेदन के लिए अभ्यर्थियों का इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, सरकार से मान्यता प्राप्त निबंधित संस्थान से कंप्यूटर एप्लीकेशन में कम से कम छह महीने का डिप्लोमा कोर्स करने का प्रमाणपत्र भी होना चाहिए।
कंप्यूटर और सॉफ्टवेयर का ज्ञान जरूरी
भर्ती में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कंप्यूटर के साथ-साथ सॉफ्टवेयर का ज्ञान भी होना आवश्यक है। इसकी जांच नियुक्ति परीक्षा के दौरान की जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता के साथ कंप्यूटर संबंधी दक्षता पर भी ध्यान देना होगा।
झारखंड इंटरमीडिएट स्तरीय परीक्षा से होगा चयन
इन पदों पर अभ्यर्थियों का चयन झारखंड इंटरमीडिएट स्तर संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। यह परीक्षा कंप्यूटर ज्ञान और हिंदी टंकण की अर्हता वाले पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की जाती है। विज्ञापन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन की तिथि, आयु सीमा, परीक्षा शुल्क और चयन प्रक्रिया से जुड़ी विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।


