पति ने की पत्नी को जबरन देह व्यापार में धकेलने की कोशिश, मना करने पर किया चाकू से हमला

News Aroma
3 Min Read
#image_title
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur News: गोलमुरी थाना क्षेत्र के ट्यूलाडूंगरी में एक महिला के साथ हुई अमानवीय घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। ट्यूलाडूंगरी निवासी चंदा सिंह ने अपने पति आकाश कांत लाल और सास-ससुर पर जबरन देह व्यापार में धकेलने, बंधक बनाकर प्रताड़ित करने और चाकू से जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। शुक्रवार देर रात गोलमुरी थाने में पीड़िता ने प्राथमिकी दर्ज कराई।

प्रेम विवाह के बाद बदला व्यवहार

चंदा सिंह ने बताया कि तीन साल पहले उसने आकाश कांत लाल से प्रेम विवाह किया था। शुरू में सब कुछ ठीक था, लेकिन कुछ महीनों बाद उसे पता चला कि उसका पति और उसका परिवार देह व्यापार के धंधे में लिप्त है। हाल ही में आकाश ने उसे चाईबासा ले जाकर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने की कोशिश की। चंदा ने इसका विरोध किया और वापस लौट आई।

पांच दिन तक बंधक बनाकर प्रताड़ना

चंदा के अनुसार, विरोध करने पर आकाश ने उसे घर में पांच दिन तक बंधक बनाकर रखा और शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। प्रताड़ना की हद तब पार हो गई जब आकाश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। उसने चंदा के चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

मायके भागी, अस्पताल में भर्ती

गंभीर हालत में चंदा किसी तरह अपने मायके सोनारी पहुंची और परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। परिजनों ने उसे खून से लथपथ हालत में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के बाद शुक्रवार को चंदा अपने परिवार के साथ गोलमुरी थाना पहुंची और पति, सास-ससुर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि आकाश पहले भी देह व्यापार से जुड़े मामलों में जेल जा चुका है और अब उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा है।

पुलिस जांच शुरू, सुरक्षा की मांग

चंदा ने प्रशासन से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। गोलमुरी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी आरोपों की गहन जांच की जा रही है और उचित कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article