झारखंड : सेल्फी का चक्कर, सर्विस रिवाॅल्वर से चली गोली का शिकार हुआ दोस्त, हिरासत में डीएसपी, हत्या की रिपोर्ट दर्ज

News Aroma Media
4 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

कोडरमा: सेल्फी के चक्कर में एक प्रशिक्षु डीएसपी के दोस्त की जान चली गई। घटना जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत जामुखाड़ी जवाहर घाटी के पास तिलैया डैम क्षेत्र की है, जहां शुक्रवार को बिहार के एक प्रशिक्षु डीएसपी की सर्विस रिवाॅल्वर से चली गोली उसके साथ घूमने आए दोस्त को ही लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। इसकी पुष्टि कोडरमा के डीएसपी हेडक्वार्टर संजीव कुमार ने की है।

वहीं इस मामले में बिहार के प्रशिक्षु डीएसपी के सर्विस रिवॉल्वर से युवक निखिल रंजन की मौत के मामले में डीएसपी समेत तीन लाेगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने डीएसपी समेत तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक निखिल रंजन (26 वर्ष, निवासी बेऊर पटना, बिहार) के पिता और गया जिले के चेरखी थाना में एसआई ऋषिदेव प्रसाद सिंह ने प्राथमिकी में कहा है कि 08 जुलाई को मेरे पुत्र को शाम 6 बजे बिहार शरीफ में एक सगाई कार्यक्रम में ले जाने को कह कर घर से बुलाकर ले गया था। इससे पहले निखिल रंजन को 30 जून को भी आशुतोष अपने दोस्तों के साथ खगौल, पटना लेकर गया था।

मेरे पुत्र के साथ इनकी रंजिश दो-तीन वर्ष से चल रही थी और एक बार पैसे के लेनदेन में घर वालों को पैसा चुकाना पड़ा था।

नए तरीके से पैसे की मांग कर रहा था, जिसके कारण निखिल परेशान रहता था और दोस्ती खत्म करना चाहता था।

फिर भी किसी अज्ञात कारण से उनके साथ चला गया। सिंह ने कहा है कि निखिल रंजन की हत्या आशुतोष कुमार उसके साथी सौरव कुमार और सूरज कुमार ने आपराधिक षड्यंत्र और रंजिश के तहत 09 जुलाई की शाम अपने सर्विस रिवाल्वर से गोली मारकर तिलैया डैम के पास कर दी है।

पिता ऋषिदेव प्रसाद सिंह ने अपनी प्राथमिकी में प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष कुमार (चेनारी, रोहतास), सौरव कुमार (बेऊर, पटना) और सूरज कुमार (कोडरमा) को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने डीएसपी आशुतोष सहित तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने तीनों को कोर्ट के आदेश के बाद कोडरमा जेल भेज दिया है।

क्या है पूरा मामला

बिहार के बक्सर के प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष कुमार की सर्विस रिवॉल्वर से अचानक गोली चलने से उसके मित्र निखिल रंजन की मौत हो गयी थी। घटना के बाद देर रात तक इस मामले को लेकर उहापोह की स्थिति बनी रही। प्रशिक्षु डीएसपी और उनके एक दोस्त से कोडरमा पुलिस पूछताछ कर रही थी।

प्रशिक्षु डीएसपी आशुतोष कुमार सिमरी थाना के प्रभार में हैं। वे दो दिन की छुट्टी पर बक्सर से निकले थे।

आशुतोष कुमार निजी वाहन से अपने तीन दोस्तों को लेकर कोडरमा के तिलैया डैम घूमने आये थे। डैम में घूमने के बाद सभी जवाहर घाटी के किनारे फोटो क्लिक कर रहे थे।

डीएसपी के अनुसार उनका दोस्त सौरभ कुमार उनकी सर्विस रिवॉल्वर हाथ में लेकर एक्शन से फोटो क्लिक करवा रहा था।

इसी दौरान अचानक गोली चल गई और पास खड़े निखिल को जा लगी। निखिल को जख्मी अवस्था में डीएसपी आशुतोष व सौरभ लेकर सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचे। परन्तु तब तक निखिल की मौत हो गयी थी।

Share This Article