Jharkhand News: रांची-पुरुलिया मार्ग पर चमघाटी के पास शनिवार की सुबह करीब 8 बजे एक सवारी गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे 13 यात्री घायल हो गए।
इनमें कुछ मजदूर भी शामिल थे, जो सिल्ली के अजयगढ़ से रांची काम के लिए जा रहे थे। हादसे का कारण वाहन का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, सिल्ली के अजयगढ़ से रांची जा रही सवारी गाड़ी चमघाटी की चढ़ाई पर थी। अचानक ब्रेक फेल होने से गाड़ी पीछे की ओर लुढ़कने लगी और अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को गाड़ी से निकाला और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) अनगड़ा पहुंचाया।
घायलों की स्थिति
हादसे में घायल हुए यात्रियों में गोड़ाडीह के शिवानी देवी, रीता देवी, अनिल महतो, लालचंद महतो, मलिका देवी, सुलोचना देवी, रोशना देवी, त्रिलोचन महतो, रीता देवी, लोवाडीह की अंजू देवी, अजयगढ़ के गोराई मुंडा, रवीन्द्र मुंडा और निर्मला देवी शामिल हैं।
इनमें से पांच गंभीर रूप से घायल यात्रियों-अनिल महतो, लालचंद महतो, सुलोचना देवी, रवीन्द्र मुंडा और निर्मला देवी-को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) रेफर किया गया। बाकी आठ घायलों का इलाज CHC अनगड़ा में किया गया, और प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।