हॉर्स ट्रेडिंग की बातें करने वाली बीजेपी पहले अपने इतिहास में झांके, झारखंड में INDIA गठबंधन की डबल जीत तय : मृदुल राज

झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज ने बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज करते हुए INDIA गठबंधन की जीत का दावा किया।

3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

जनादेश का सम्मान करना बीजेपी ने कभी नहीं सीखा

रांची : कांग्रेस प्रवक्ता मृदुल राज ने राज्यसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेताओं द्वारा की जा रही बयानबाजी पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि हॉर्स ट्रेडिंग और खरीद-फरोख्त की राजनीति की बात करने से पहले बीजेपी को अपने राजनीतिक इतिहास में झांकना चाहिए। पूरे देश ने देखा है कि किस तरह जनादेशों को कमजोर करने और निर्वाचित सरकारों को अस्थिर करने के आरोप बार-बार बीजेपी पर लगते रहे हैं।

अफवाहों के सहारे राज्यसभा चुनाव नहीं जीते जाते-मृदुल राज

मृदुल राज ने कहा कि झारखंड में INDIA गठबंधन पूरी तरह एकजुट है और दोनों राज्यसभा सीटों पर गठबंधन के उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित है। बीजेपी के पास न पर्याप्त संख्या है और न ही कोई ठोस राजनीतिक मुद्दा, इसलिए वह अफवाहों और अटकलों का सहारा लेकर माहौल बनाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि झारखंड कोई राजनीतिक प्रयोगशाला नहीं है। यहां के विधायक लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं और किसी भी प्रकार की अफवाह या दबाव की राजनीति से प्रभावित होने वाले नहीं हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जब भी चुनाव आता है, बीजेपी हार की आशंका से घबराकर हॉर्स ट्रेडिंग और तोड़फोड़ की चर्चाओं को हवा देने लगती है। लेकिन इस बार भी उसकी यह रणनीति पूरी तरह विफल होगी। INDIA गठबंधन के सभी विधायक मजबूती से एकजुट हैं और गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में खड़े हैं। मृदुल राज ने कहा कि बीजेपी को यह स्वीकार कर लेना चाहिए कि झारखंड की जनता विभाजन और साजिश की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की राजनीति के साथ खड़ी है। राज्यसभा चुनाव के नतीजे बीजेपी की गलतफहमियों को दूर कर देंगे।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनादेश सबसे बड़ा होता है और INDIA गठबंधन उसी जनादेश का सम्मान करते हुए आगे बढ़ रहा है। राज्यसभा चुनाव में दोनों सीटों पर गठबंधन की जीत यह साबित करेगी कि झारखंड में जनता का भरोसा आज भी INDIA गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा है।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।