
रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। राज्य के पूर्वी और आसपास के मध्य भागों में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के प्रभाव से शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात होने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने रांची समेत 14 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में रांची, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं। इन क्षेत्रों में तेज हवा, गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर वज्रपात हो सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 जून तक राज्य का मौसम सक्रिय रहेगा। इस दौरान सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना है। तेज हवाएं भी चल सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
गुरुवार को देवघर में सबसे अधिक 14 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं मेदिनीनगर राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और पेड़ों, बिजली के खंभों व मोबाइल टावरों से दूर रहने की अपील की है।

