रांची : झारखंड में अगले कुछ दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 3 और 4 अक्टूबर को राज्य में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, इसके बाद अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और शाम हल्की ठंड महसूस होने लगेगी।

मौसम विभाग के अनुसार, 5 अक्टूबर से राज्य में बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज, हजारीबाग, कोडरमा और चतरा में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। रांची समेत अन्य इलाकों में भी बादल बन सकते हैं।
6 और 7 अक्टूबर को बारिश का असर राज्य के कई हिस्सों में देखने को मिलेगा। वहीं 7 अक्टूबर को कई जगहों पर वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। 8 और 9 अक्टूबर को भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है।
पिछले 24 घंटों में पाकुड़ सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 35.6 डिग्री दर्ज हुआ। लातेहार में सबसे कम 17.5 डिग्री तापमान रहा। रांची में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।


