
रांची: झारखंड में अभी बिन मौसम हो रहे बरसात से निजान नगीं मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 मार्च से राज्य में आंधी और बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है। इस दौरान कई जगहों पर वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। रांची स्थित मौसम केंद्र ने 22 मार्च बताया कि अगले 5 दिनों के दौरान तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है।मौसम विभाग की मानें तो 23 मार्च से 28 मार्च तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान राज्य के कई जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर मेघ गर्जन भी देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में ज्यादा असर
मौसम विभाग ने खास तौर पर 26 मार्च को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिम सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ वज्रपात और तेज आंधी चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके अलावा 27 और 28 मार्च को भी राज्य के कई हिस्सों में आंधी और वज्रपात का खतरा बना रहेगा। इन दिनों भी हवा की गति करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहने का अनुमान है।
