रांची के टीटोस रेस्टोरेंट में फायरिंग मामला: धनबाद से रांची लाए गए प्रिंस खान के घायल शूटर, हत्या का भी आरोप

रांची एयरपोर्ट फायरिंग केस में बड़ा खुलासा, प्रिंस खान गैंग का गुर्गा धनबाद से गिरफ्तार, मुठभेड़ के बाद रांची लाया गया, हत्या और फायरिंग के गंभीर आरोप

2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : रांची एयरपोर्ट इलाके में एक रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस केस में आरोपी प्रिंस खान गैंग के एक गुर्गे को एयरपोर्ट थाना पुलिस धनबाद से पकड़कर रांची ले आई है। आरोपी पर फायरिंग के साथ-साथ हत्या का भी गंभीर आरोप है। जानकारी के अनुसार, 16 मार्च को धनबाद के भागाबांध इलाके में पुलिस और प्रिंस खान गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान तीन अपराधी घायल हो गए थे। घायलों में पलामू के चैनपुर निवासी अमन सिंह उर्फ मनीष उर्फ कुबेर और वासेपुर के लाला टोला के रहने वाले अफजल अमन उर्फ बाबर उर्फ राजा खान शामिल हैं। इनके साथ तीसरा आरोपी विक्की डोम भी घायल हुआ था।

अस्पताल से छुट्टी मिलते ही रांची शिफ्ट

मुठभेड़ के बाद तीनों आरोपियों को इलाज के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद रांची एयरपोर्ट थाना की टीम धनबाद पहुंची। जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच रांची ले जाया गया।

एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल

इस मामले में तीसरे आरोपी विक्की डोम को धनबाद पुलिस पहले ही न्यायिक हिरासत में जेल भेज चुकी है। वहीं बाकी आरोपियों से पूछताछ के दौरान और भी अहम जानकारी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, इन सभी आरोपियों पर रांची एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के एक रेस्टोरेंट में गोलीबारी करने और एक व्यक्ति की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में इन्हें पकड़ लिया था। झारखंड पुलिस राज्य में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। इस मामले में भी पुलिस की तेज कार्रवाई देखने को मिली है। अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

Share This Article
विनीता चौबे को 10 साल का अनुभव है। उन्होनें सन्मार्ग से पत्रकारिता की शुरुआत की थी। फिर न्यूज विंग, बाइस स्कोप, द न्यूज पोस्ट में भी काम किया। वे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दों और स्थानीय घटनाओं से जुड़ी खबरों को सरल और तथ्यात्मक भाषा में पाठकों तक पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उनका प्रयास रहता है कि जमीनी स्तर की महत्वपूर्ण खबरों को सही और विश्वसनीय जानकारी के साथ लोगों तक पहुंचाया जाए।