

Palamu : पलामू जिले में मेडिकल दुकानों के अंदर क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टरों और दवा दुकानदारों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई के साथ संबंधित मेडिकल दुकान का लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है।
दरअसल, पलामू के कई इलाकों में मेडिकल दुकानों के अंदर डॉक्टर बैठकर मरीजों की जांच करते हैं और उन्हें दवाइयां भी लिखते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस व्यवस्था को नियमों के खिलाफ बताया है। विभाग का कहना है कि डॉक्टरों को मरीजों का इलाज और चिकित्सकीय परामर्श केवल पंजीकृत क्लिनिकल एस्टेब्लिशमेंट में ही देना चाहिए।
इस संबंध में पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने पत्र जारी कर मेडिकल दुकानदारों को तत्काल प्रभाव से ऐसी व्यवस्था बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही दुकानों के बाहर लगे डॉक्टरों के नाम, उनके बैठने के समय और उपलब्धता से संबंधित बोर्ड व विज्ञापन हटाने को भी कहा गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ कर दिया है कि आदेश की अनदेखी करने वाले डॉक्टरों और दवा दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर संबंधित मेडिकल दुकान का लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है।
इस आदेश के पालन को सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को भी निगरानी रखने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि पलामू की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर पहले भी कई सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग के इस नए आदेश के बाद अब यह देखना अहम होगा कि मेडिकल दुकानों में चल रहे अवैध क्लिनिकों के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्रवाई कितनी तेजी से होती है।


