JAC Exam 2027: झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वार्षिक परीक्षा 2027 के फॉर्म भरने की अंतिम तिथि बढ़ाने की मांग तेज हो गई है। वित्त रहित मोर्चा ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) से फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 26 नवंबर 2026 से बढ़ाकर 15 दिसंबर 2026 तक करने की मांग की है। इस संबंध में मोर्चा ने जैक के अध्यक्ष, सचिव और आईटी प्रभारी को ज्ञापन सौंपा है। साथ ही बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भरने का अवसर देने की मांग की है।

मोर्चा ने चेतावनी दी है कि अगर मांग पूरी नहीं हुई, तो जैक कार्यालय का घेराव कर आंदोलन किया जाएगा।

अब तक केवल 2 लाख विद्यार्थियों ने भरा फॉर्म
वित्त रहित मोर्चा के नेताओं के मुताबिक, झारखंड में हर साल मैट्रिक और इंटर की परीक्षा के लिए करीब 7 से 8 लाख विद्यार्थी फॉर्म भरते हैं। लेकिन इस बार अब तक लगभग 2 लाख विद्यार्थी ही परीक्षा फॉर्म भर सके हैं। ऐसे में निर्धारित समय पर प्रक्रिया पूरी नहीं होने से बड़ी संख्या में छात्र परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो सकते हैं।
मोर्चा का कहना है कि इसका सबसे ज्यादा असर आदिवासी, दलित और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों पर पड़ सकता है।
त्योहारों और आर्थिक परेशानी का दिया हवाला
मोर्चा ने बताया कि दीपावली, छठ और भैया दूज के कारण कई स्कूल और इंटर कॉलेज लंबे समय तक बंद रहे। त्योहारों के दौरान कई विद्यार्थी अपने घर चले गए थे। इसके अलावा आर्थिक तंगी के कारण भी कुछ छात्र समय पर परीक्षा शुल्क जमा नहीं कर पाए हैं।
मांग पूरी नहीं हुई तो होगा जैक कार्यालय का घेराव
मोर्चा ने 25 नवंबर को विधानसभा के सामने महाधरना देने और इसके बाद मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया है। नेताओं ने कहा कि यदि 15 दिसंबर तक बिना विलंब शुल्क के फॉर्म भरने की तारीख नहीं बढ़ाई गई, तो जैक कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसमें हजारों शिक्षक और कर्मचारी शामिल होंगे।
मोर्चा के नेताओं रघुनाथ सिंह, गणेश महतो, नरोत्तम सिंह समेत अन्य सदस्यों ने जैक से विद्यार्थियों के हित में जल्द निर्णय लेने की अपील की है।


