जयराम महतो समेत सात आरोपियों की कोर्ट में सुनवाई टली, अब 4 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई

डुमरी विधायक जयराम महतो समेत सात आरोपियों के खिलाफ मामले में टली सुनवाई, एमपी-एमएलए कोर्ट ने दी 4 जनवरी 2027 की अगली तारीख, बिना अनुमति सभा करने का है आरोप।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Dhanbad : डुमरी विधायक जयराम महतो समेत सात आरोपियों के खिलाफ बिना अनुमति सभा करने के मामले में सोमवार को एमपी-एमएलए न्यायालय में सुनवाई नहीं हो सकी. विशेष न्यायिक दंडाधिकारी अर्पिता नारायण की अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 4 जनवरी 2027 की तारीख निर्धारित की है.

दरअसल, गिरिडीह के बनियाडीह फुटबॉल मैदान में झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति के बैनर तले बिना प्रशासनिक अनुमति सभा आयोजित करने का आरोप है. सोमवार को सुनवाई के दौरान जयराम महतो समेत सातों आरोपी अदालत में उपस्थित नहीं हुए. वहीं, अदालत की ओर से आरोपियों को पुलिस पेपर भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका. इस कारण मामले की सुनवाई आगे नहीं बढ़ पायी.

प्रशासन ने रद्द कर दी थी सभा की अनुमति

इस मामले में गिरिडीह के तत्कालीन अंचलाधिकारी मोहम्मद असलम की शिकायत पर 12 मार्च 2024 को गिरिडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.

प्राथमिकी के अनुसार, झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति के गिरिडीह केंद्रीय महामंत्री अबरार हुसैन ने 10 मार्च 2024 को बनियाडीह फुटबॉल मैदान में सभा आयोजित करने की अनुमति मांगी थी. हालांकि, प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए जिला प्रशासन ने अनुमति रद्द कर दी थी. इसकी जानकारी आयोजकों को भी दे दी गयी थी.

शिकायत में आरोप लगाया गया कि अनुमति रद्द होने के बावजूद 10 मार्च 2024 को समिति के बैनर तले करीब 250 लोगों की मौजूदगी में सभा आयोजित की गयी. इसे सरकारी आदेश की अवहेलना मानते हुए तत्कालीन अंचलाधिकारी ने प्राथमिकी दर्ज करायी थी.

2025 में पुलिस ने दाखिल की थी चार्जशीट

इस मामले में जयराम महतो, मो. अकील अख्तर उर्फ रिजवान क्रांतिकारी, फरजान खान, अबरार हुसैन उर्फ रॉकी शेख, रंजीत यादव और रॉकी नवल उर्फ नवल जी शर्मा समेत सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद 20 जून 2025 को भारतीय दंड संहिता की धारा 143, 188 और 290 के तहत आरोप पत्र दाखिल किया था. इसके बाद 18 अगस्त 2025 को अदालत ने आरोपियों के खिलाफ संज्ञान लेते हुए उन्हें पेश होने का आदेश दिया था.

बाद में आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण कर जमानत प्राप्त कर ली थी. फिलहाल सोमवार को सुनवाई टलने के बाद अब इस मामले में अगली सुनवाई 4 जनवरी 2027 को होगी.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।