हजारीबाग में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, दो अपराधियों को लगी गोली, दो फरार

हजारीबाग के कटकमसांडी में पुलिस और राहुल दुबे गैंग के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में दो अपराधियों को लगी गोली, दो अन्य फरार, अस्पताल में इलाज जारी।

Razi Ahmad
3 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now
Hazaribagh news : झारखंड के हजारीबाग जिले में सोमवार को पुलिस और राहुल दुबे गैंग के सदस्यों के बीच मुठभेड़ हो गयी. कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में गैंग के दो सदस्य गोली लगने से घायल हो गये. वहीं, गिरोह के दो अन्य सदस्य मौके से फरार हो गये. पुलिस ने दोनों घायल आरोपियों को गिरफ्तार कर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया है.
घायलों की पहचान पदमा निवासी दीपनारायण भगत और चतरा जिले के नगवां निवासी राहुल कुमार उर्फ रोकी के रूप में हुई है. घटना सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बतायी जा रही है.

मुठभेड़ के दौरान दीपनारायण भगत के घुटने में, जबकि राहुल कुमार उर्फ रोकी के पैर में एड़ी के ऊपर गोली लगी. घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार समेत पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से घटना की जानकारी भी ली.

हथियार के साथ घूमने की मिली थी सूचना

एसपी अमन कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि कटकमसांडी थाना क्षेत्र के डाटोखुर्द में राहुल दुबे गैंग के कुछ सदस्य हथियार लेकर घूम रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया.

पुलिस को सामने देखकर आरोपियों ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलायी, जिसमें दो आरोपी घायल हो गये. पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य सदस्य भागने में सफल रहे. फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस अभियान चला रही है.

राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों पर पुलिस की नजर

एसपी ने बताया कि हाल के दिनों में हजारीबाग शहर और आसपास के इलाकों में राहुल दुबे गैंग की गतिविधियां बढ़ी हैं. गिरोह पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस सतर्क है और पूरे क्षेत्र में निगरानी रखी जा रही है.

गौरतलब है कि राहुल दुबे गैंग की गतिविधियों से जिले के कई व्यवसायी, कोयला कारोबारी और संवेदक दहशत में हैं. पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।