धुर्वा में 30 स्ट्रीट लाइट गायब, नगर निगम ने दर्ज कराई शिकायत, दोषियों पर होगी कार्रवाई

रांची के धुर्वा वार्ड 40 से करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी, नगर निगम ने थाने में दर्ज कराया सनहा, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।

Razi Ahmad
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Ranchi news : राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में सरकारी संपत्ति की चोरी का मामला सामने आया है. वार्ड संख्या 40 में करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी कर ली गई हैं. मामले को गंभीरता से लेते हुए रांची नगर निगम ने धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया है. निगम प्रशासन ने पुलिस से चोरी में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने को कहा है.

दरअसल, वार्ड 40 की पार्षद ने क्षेत्र में लगातार हो रही स्ट्रीट लाइट चोरी की घटनाओं की जानकारी अपर नगर आयुक्त संजय कुमार को दी थी. शिकायत मिलने के बाद उन्होंने विद्युत शाखा के सहायक अभियंता को मौके पर जाकर जांच करने का निर्देश दिया. साथ ही संबंधित थाने में सनहा दर्ज कराने को भी कहा.

इसके बाद सहायक अभियंता ने धुर्वा क्षेत्र का निरीक्षण किया. जांच में करीब 30 स्ट्रीट लाइट चोरी होने की पुष्टि हुई. इसके बाद नगर निगम की ओर से धुर्वा थाना में सनहा दर्ज कराया गया. अपर नगर आयुक्त ने थाना प्रभारी को मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर होगी सख्ती

अपर नगर आयुक्त संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि नगर निगम की संपत्ति आम लोगों की सुविधा और शहर के विकास के लिए है. स्ट्रीट लाइट या अन्य सरकारी उपकरणों की चोरी और तोड़फोड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

संदिग्ध गतिविधियों की सूचना देने की अपील

नगर निगम ने शहरवासियों से सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है. निगम ने कहा है कि कहीं भी स्ट्रीट लाइट की चोरी, सरकारी उपकरणों को नुकसान पहुंचाने या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल टोल फ्री नंबर 1800-570-1235 पर दें.

Share This Article
रजी अहमद एक उभरते हुए कंटेंट राइटर हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में लगभग दो वर्षों का अनुभव है। उन्होंने न्यूज़ अरोमा में काम करते हुए विभिन्न विषयों पर लेखन किया और अपनी लेखन शैली को मजबूत बनाया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कंटेंट राइटिंग, न्यूज़ लेखन और मीडिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं में अच्छा अनुभव हासिल किया। वह लगातार सीखते हुए अपने करियर को आगे बढ़ा रहे हैं।