Jamshedpur news : झारखंड-ओडिशा सीमा पर नशे के कारोबार के खिलाफ बहरागोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जामशोला चेकनाका के पास एनएच-49 पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक कार से 44 किलो गांजा बरामद किया। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 22 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में ओडिशा के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने सोमवार को एसएसपी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक कार में गांजा लेकर दो तस्कर बहरागोड़ा के रास्ते खड़गपुर जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जामशोला चेकनाका पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। कार से एक-एक किलो के 44 पैकेट गांजा बरामद हुए।
तीन साल से चला रहे थे तस्करी का नेटवर्क!
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने करीब तीन वर्षों से गांजा तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ओडिशा के फूलबनी जिले से गांजा लाकर पश्चिम बंगाल और बिहार के अलग-अलग इलाकों में सप्लाई करते थे।
जांच के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की गिरफ्तारी के लिए संबंधित पुलिस इकाइयों के संपर्क में है।
दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद सोमवार को जेल भेज दिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


