
रांची : नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय से विधायक कल्पना सोरेन को ‘वुमेन एम्पावरमेंट ट्रेलब्लेजर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उनके सक्रिय योगदान और नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया। यह सम्मान एक प्रतिष्ठित वैश्विक कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कार्यक्रम में विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों और गणमान्य हस्तियों की मौजूदगी रहीं। इस कार्यक्रम का आयोजन ब्रिक्स चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के महिला सशक्तिकरण वर्टिकल की ओर से आयोजित किया गया था।

पुरस्कार लेने के बाद कल्पना सोरेन ने इसे व्यक्तिगत उपलब्धि मानने से इनकार करते हुए कहा कि यह सम्मान झारखंड की हर महिला और उन सभी महिलाओं को समर्पित है, जो अपने परिवार और समाज को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं व्यापार, खेल, विज्ञान, प्रशासन और नवाचार जैसे क्षेत्रों में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही हैं और विकास की गति को आगे बढ़ा रही हैं।

