बॉलीवुड की मशहूर सिंगर कनिका कपूर अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। ‘बेबी डॉल’, ‘चिट्टियां कलाइयां’ और ‘लवली’ जैसे सुपरहिट गानों से पहचान बनाने वाली कनिका ने पति गौतम हथीरमानी से अलग होने का ऐलान किया है। सिंगर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उनके इस पोस्ट के सामने आने के बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई है।

आपसी सहमति और सोच-विचार के बाद लिया फैसला
कनिका ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने और गौतम ने काफी सोच-विचार के बाद अलग होने का निर्णय लिया है। उन्होंने अपने रिश्ते के दौरान बिताए अच्छे पलों और साथ के लिए आभार जताया। साथ ही गौतम के आने वाले जीवन के लिए शुभकामनाएं भी दीं। सिंगर ने अपने संदेश में यह भी अपील की कि लोग उनके इस निजी फैसले का सम्मान करें और उन्हें इस मुश्किल समय में प्राइवेसी दें।

मई 2022 में हुई थी दोनों की शादी
कनिका कपूर और गौतम हथीरमानी की शादी मई 2022 में हुई थी। दोनों की शादी की तस्वीरें उस समय सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रही थीं। यह कनिका की दूसरी शादी थी। इससे पहले उनकी शादी राज चंडोक से हुई थी। हालांकि, यह रिश्ता ज्यादा समय तक नहीं चल पाया और दोनों अलग हो गए थे।
पहली शादी से हैं तीन बच्चे
कनिका कपूर के पहली शादी से तीन बच्चे हैं। सिंगर अक्सर अपने बच्चों के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करती रहती हैं। फिलहाल कनिका ने अपने अलगाव की वजह को लेकर कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी है। ऐसे में उन्होंने जिस तरह लोगों से निजता बनाए रखने की अपील की है, उससे साफ है कि वह इस निजी मामले को सार्वजनिक बहस का विषय नहीं बनाना चाहतीं।


