कतरास में भू-धंसान का कहर: 5 घर जमींदोज़, 22 और घर खतरे की जद में

धनबाद के कतरास में भू-धंसान से पांच घर जमींदोज़ हो गए, जबकि 22 अन्य मकान खतरे में हैं। प्रशासन, बीसीसीएल और राहत एजेंसियां पुनर्वास व बचाव कार्य में जुटी हैं।

News Aroma
2 Min Read
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद: धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलेक्टेड गोविंदपुर में मंगलवार देर शाम हुए भू-धंसान ने पांच परिवारों का आशियाना छीन लिया। देखते ही देखते पांच घर जमींदोज़ हो गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
गनीमत यह रही कि उस समय इलाके की बिजली कटी हुई थी। परिवार के सभी सदस्य घरों से बाहर थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, कुछ ही मिनटों में वर्षों की मेहनत से बने घर मलबे में तब्दील हो गए और पूरा मोहल्ला दहशत में है।
बुधवार सुबह करीब 11 बजे बीसीसीएल की माइंस रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। मलबे में दबे सामान को निकालने की तैयारी की जा रही है। वहीं बीसीसीएल की दूसरी टीम संभावित खतरे का सर्वे कर रही है।
बाघमारा के अंचल अधिकारी (सीओ) गिरजानंद किस्कु ने बताया कि भू-धंसान में 5 घर पूरी तरह जमींदोज़ हो चुके हैं, जबकि 22 अन्य घर अभी भी खतरे की जद में हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर JRDA से बातचीत की गई है। प्रशासन की ओर से सभी प्रभावितों के लिए अस्थायी आश्रय और खाने-पीने की व्यवस्था की जा रही है।
सीओ ने यह भी बताया कि प्रभावित परिवारों को पुनर्वास एवं आपदा प्रबंधन के प्रावधानों के तहत मुआवजा उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल प्रशासन, बीसीसीएल और संबंधित एजेंसियां स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और राहत उपलब्ध कराने का काम जारी है।
हालांकि, भू-धंसान के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जिन परिवारों ने पलभर में अपना आशियाना खो दिया, उनकी सबसे बड़ी चिंता अब सुरक्षित पुनर्वास और सामान्य जीवन की वापसी है।

Share This Article