
Latehar News : लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा नवोदय विद्यालय रोड स्थित कस्तूरबा स्कूल के पास हुआ। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है, जबकि मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतकों की पहचान धर्मपुर निवासी पीयूष कुमार (पिता- दीपक प्रसाद) और पवन साहू (पिता- उमेश प्रसाद गुप्ता) के रूप में हुई है। पवन वर्तमान में चंदनडीह में रह रहा था, जबकि उसका पैतृक घर तरावडीह बताया गया है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बाइक से किसी काम से नवोदय रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई और दोनों उसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची लातेहार थाना पुलिस दोनों को सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि वज्रपात के दौरान मृतकों में से एक का मोबाइल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर है। प्रशासन ने बारिश और वज्रपात के दौरान खुले स्थानों या पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने की अपील की है।

