
Latehar News : लातेहार सदर अस्पताल में करोड़ों रुपये की लागत से लगाई गई सीटी स्कैन मशीन आज भी मरीजों के लिए शुरू नहीं हो पाई है। मशीन का उद्घाटन कुछ दिनों पहले ही बड़े नेताओं की उपस्थिति में किया गया था, लेकिन अब तक आम जनता को इसका लाभ नहीं मिल रहा है।
हकीकत: मशीन है, पर जांच नहीं हो रही
अस्पताल में मशीन स्थापित जरूर है, लेकिन उसे संचालित करने के लिए रेडियोलॉजिस्ट/तकनीशियन की नियुक्ति और AERB का लाइसेंस जैसी जरूरी प्रक्रियाएं अभी लंबित हैं। इसी कारण सेवा शुरू नहीं हो पाई है। नतीजा यह है कि सदर अस्पताल आने वाले मरीजों को आज भी सीटी स्कैन के लिए रांची, डाल्टनगंज या निजी डायग्नोस्टिक सेंटर जाना पड़ रहा है, जहां 8 हजार से 15 हजार रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
मरीज और परिजन परेशान
गंभीर हालत में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। एक मरीज के परिजन ने कहा मशीन अस्पताल में लगी है ये तो सबको पता है, लेकिन कब से जांच होगी ये कोई नहीं बता रहा। मजबूरी में बाहर जाना पड़ रहा है।
प्रशासन से मांग: जल्द शुरू हो सेवा
स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, सांसद कालीचरण सिंह ,राज्य सभा सांसद बैजनाथ राम और विधायक रामचंद्र सिंह से मांग की है कि मशीन को शुरू करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए

