रांची : लायंस क्लब ऑफ रांची ग्लोबल की ओर से संचालित “फूड फॉर हंगर” कार्यक्रम के अंतर्गत लगातार 75वें सप्ताह खिचड़ी वितरण सेवा का सफल आयोजन किया गया। यह सेवा प्रत्येक शनिवार को सदर हॉस्पिटल परिसर में आयोजित की जाती है, जिससे वहां आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को लाभ मिल रहा है।
इस अवसर पर लगभग 800 लोगों ने भोजन ग्रहण किया और क्लब के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब के सचिव संतोष अग्रवाल ने समाजसेवियों और सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सभी के प्रोत्साहन एवं सहयोग से ही यह सेवा मुहिम निरंतर सफलता के साथ आगे बढ़ रही है।

क्लब के कोषाध्यक्ष अल्तमश आलम ने कहा कि जरूरतमंदों के बीच भोजन वितरण एक अत्यंत पुण्य कार्य है। यह न केवल उनकी भूख मिटाता है, बल्कि उनके मन में आशा और खुशी की भावना भी जागृत करता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में फेडरेशन ऑफ़ झारखंड ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, सेक्रेटरी जनरल रोहित अग्रवाल एवं पूर्व डीजी कमल जैन की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने इस सेवा कार्य की सराहना की। आज के कार्यक्रम में निवर्तमान अध्यक्ष अमित शर्मा, सचिव संतोष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अल्तमश आलम, डॉ. शाहीं क़ौसर, मोनिका गोयनका, राजीव चौधरी, प्रदीप महनसरिया तथा संदीप कुमार उपस्थित रहे।




